मेवाड़ समाचार
भीलवाड़ा से प्रयागराज में महाकुम्भ में स्नान करने जा रहे भीलवाड़ा के एक परिवार की कार को उत्तरप्रदेश के झांसी जिले में वाहन ने टक्कर मार दी। भिड़ंत के बाद कार गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में कार सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्राथमिक उपचार के बाद भीलवाड़ा लौटते समय 13 साल के बालक ने यहां दम तोड़ दिया। शव को बुधवार सुबह पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
प्रताप नगर थाना पुलिस के अनुसार चंद्रशेखर आजाद नगर निवासी दीपक दाधीच, अपने बेटे अर्थव 13 के साथ ही भीमा देवी व मकराना निवासी कान कंवर के साथ दस फरवरी की सुबह महाकुंभ में स्नान करने जाने के लिए कार से प्रयागराज रवाना हुये। दस-ग्यारह फरवरी की मध्य रात्रि को ये लोग उत्तरप्रदेश के झांसी जिले के पूंछ थाना इलाके में पहुंचे थे कि इनकी कार को पीछे से एक वाहन ने टक्कर मार दी। इसके चलते कार गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में कान कंवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अर्थव घायल और बाकी लोग चोटिल हो गये। अर्थव दाधीच को वहां प्राथमिक उपचार कराने के बाद यह परिवार भीलवाड़ा लौट रहा था।
यहां सुवाणा गांव के नजदीक अर्थव बेसुध हो गया। उसे तत्काल शहर के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल भिजवा दिया गया। जिला अस्पताल में अर्थव को डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया,
जिसका आज सुबह प्रताप नगर पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने परिजनों से रिपोर्ट लेकर जीरो नंबरी एफआईआर दर्ज की है। यह एफआईआर पूंछ थाने को भिजवाई जायेगी। पुलिस का कहना है कि कान कंवर का शव, यूपी में ही पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया था।
Author: mewadsamachar
News