मेवाड़ समाचार
जिला पुलिस और स्पेशल टीम (DST) ने साइबर ठगी और ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर चल रहे एक बहुत बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ग्राम कोदुकोटा सरहद पर स्थित ‘भंवर फार्म हाउस’ पर अचानक छापा मारकर, वहाँ नरक जैसी जिंदगी जी रहे दो बंधक युवकों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। इसके साथ ही ऑनलाइन गेमिंग के जाल में फंसाकर लोगों से करोड़ों की ठगी करने वाले 4 शातिर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
नौकरी का झांसा देकर बनाया ‘गुलाम’
हैरान कर देने वाली बात यह है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी मासूम बेरोजगारों को नौकरी का झांसा देकर बुलाते थे और फिर उन्हें फार्म हाउस में बंधक बना लेते थे। छत्तीसगढ़ के रहने वाले दो पीड़ित युवकों (निखिल और विशाल) ने रोते हुए पुलिस को बताया कि उन्हें यहाँ जबरन कैद करके रखा गया था। उन पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखी जाती थी और जबरन कंप्यूटर व मोबाइल पर लोगों को ऑनलाइन सट्टे और गेमिंग के जाल में फंसाकर ठगी करने का दबाव बनाया जाता था। बात न मानने या इनकार करने पर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की जाती थी।
लोहे के जालीनुमा दरवाजे में कैद था ‘साइबर क्राइम का अड्डा’
मुखबिर से सटीक सूचना मिलते ही पुलिस टीम सर्च वारंट लेकर भंवर फार्म हाउस पहुंची। फार्म हाउस के मुख्य भवन के बाहर लोहे का मजबूत जालीनुमा दरवाजा बाहर से बंद था, ताकि अंदर की चीखें बाहर न आ सकें। पुलिस ने जब दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया, तो एक कमरे में कई युवक मोबाइल और लैपटॉप का जाल बिछाकर बैठे हुए थे। उनके फोन में ऑनलाइन सट्टेबाजी के विज्ञापन, संदिग्ध बैंक अकाउंट, फोटो और वीडियो खुले हुए थे।
भारी मात्रा में डिजिटल माल बरामद
सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से ठगी में इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त किया है। इनमें1 लैपटॉप,15 एंड्रॉइड स्मार्टफोन,02 कीपैड मोबाइल,अनेक सिम कार्ड, बैंक खाता पासबुक और क्रेडिट कार्ड,चार्जर और हाई-स्पीड वाईफाई राउटर शामिल है।
ये शातिर ठग चढ़े पुलिस के हत्थे
अंकित मुदलियार (21) – निवासी: भिलाई, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़),विकास कसेरा (31 वर्ष) – निवासी: सैलाना, जिला रतलाम (मध्य प्रदेश),रोशन सिंह (29 वर्ष) – निवासी: भिलाई, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़),टिकेन्द्र उर्फ सोनू (18 वर्ष) – निवासी: जामुल, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ नए कानून (BNS 2023) की धारा 127(2), 318(2), 112(2), 61(2) और ‘द प्रमोशन एंड रेगुलेशन ऑफ ऑनलाइन गेमिंग एक्ट 2025’ के तहत मुकदमा नंबर 97/2026 दर्ज किया है।पुलिस अब इस गैंग के मुख्य सरगनाओं और इनके बैंक खातों में ट्रांजेक्शन हुए करोड़ों रुपयों के खेल की कुंडली खंगालने में जुट गई है।
Author: mewadsamachar
News