मेवाड़ समाचार
अजमेर जिले के बोराड़ा थाना इलाके से सुबह-सुबह एक खबर आई. स्कॉर्पियो गाड़ी में जिंदा जलकर चार लोगों की मौत हो गई. शुरुआत में इसे सड़क हादसा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच आगे बढ़ी तो मामला हत्या की साजिश तक पहुंच गया. अब सामने आ रहा है कि पूर्व सरपंच और पूर्व जिला परिषद सदस्य समेत चार लोगों को पहले घर में ही मौत के घाट उतारा गया और बाद में सबूत मिटाने के लिए गाड़ी में डालकर आग लगा दी गई. और पुलिस सूत्रों की मानें तो यह किसी और ने नहीं, पूर्व सरपंच की पहली पत्नी का किया धरा है.
इस घटना में पूर्व सरपंच और किशनगढ़ विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ चुके राम सिंह चौधरी, उनकी मां और पूर्व सरपंच पूसी देवी, पत्नी और जिला परिषद सदस्य सुरज्ञान तथा भांजी मानसी की मृत्यु हई है. बताया जा रहा है कि चारों के शव स्कॉर्पियो गाड़ी के अंदर मिले थे. जब सुबह करीब 6 बजे सड़क किनारे गाड़ी में आग लगने की सूचना मिली तो पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. तब तक गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी. पानी के टैंकर और दमकल की मदद से आग बुझाई गई, लेकिन किसी को बचाया नहीं जा सका.
घर में हत्या, फिर गाड़ी में डालकर लगाई आग
अब जांच में जो शुरुआती बातें निकलकर सामने आई हैं, उन्होंने पूरे मामले को और उलझा दिया है. पुलिस को शक है कि चारों लोगों की हत्या पहले घर में धारदार हथियार से की गई. इसके बाद शवों को स्कॉर्पियो में रखा गया और सुनसान सड़क पर ले जाकर गाड़ी में आग लगा दी गई. जानकारी यह भी सामने आई है कि घर पर ही ट्रैक्टर से डीजल निकाला गया था और उसी डीजल को गाड़ी पर छिड़ककर आग लगाई गई.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस वारदात में पूर्व सरपंच की पहली पत्नी, बेटा, बेटी और कुछ अन्य लोगों की भूमिका सामने आ रही है. हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर पूरी पुष्टि नहीं की है, लेकिन कई लोगों को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है. पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है.
Author: mewadsamachar
News