मेवाड़ समाचार
चित्तौड़गढ़ के निंबाहेड़ा में रविवार सुबह एक दर्दनाक
सड़क हादसे में ट्रेलर ड्राइवर की जलकर मौत हो गई। चित्तौड़गढ़ बाइपास पर वंडर चौराहे के पास सुबह करीब 10:30 बजे यह हादसा हुआ। ट्रेलर तेलंगाना से ब्लैक ग्रेनाइट लेकर किशनगढ़ जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार को बचाने के प्रयास में डिवाइडर से टकरा गया। हादसे के बाद ट्रेलर के केबिन में आग लग गई। इस दौरान ड्राइवर को बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिला और उसकी जलकर मौत हो गई
ड्राइवर साइड का गेट पुलिया के कारण नहीं खुला
सदर थाना निम्बाहेड़ा के एएसआई संतोष कुमार ने बताया-वंडर चौराहे के पास एक बाइक को बचाने के प्रयास में ट्रेलर पुलिया की तरफ बने डिवाइडर से टकरा गया। इस दौरान ट्रेलर के केबिन में आग लग गई। पुलिया के तरफ की दीवार ट्रेलर के पास होने से अजमेर निवासी ड्राइवर शराबुद्दीन (50) गेट नहीं खोल पाया। इसी दौरान उसकी जलकर मौत हो गई।
पुलिस ने जले हुए शरीर को केबिन से निकाला
हादसा स्थल से थाना 100 मीटर दूर ही था। तेज आवाज सुनकर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और एंबुलेंस और नगर पालिका की दमकल को सूचना दी। इस दौरान लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने लोगों की मदद से ड्राइवर के जले हुए शरीर को ट्रेलर के केबिन से बाहर निकाला। ट्रेलर पर लिखे नंबर से ट्रेलर मालिक से परिवार की जानकारी ली गई। उसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।
ट्रेलर में ग्रेनाइट ब्लैक मार्बल भरा हुआ था। ट्रेलर तेलंगाना से ब्लैक ग्रेनाइट लेकर किशनगढ़ जा रहा था। जिस बाइक सवार को बचाने के प्रयास में हादसा हुआ, वह हादसे के बाद वहां से चला गया। पुलिस ने मृतक के परिवार को अजमेर में सूचना दे दी गई है।
Author: mewadsamachar
News