The specified slider is trashed.

Home » Uncategorized » बस स्टैंड पर फायरिंग-: भीलवाड़ा की युवती को मारने के लिए चलाई गोली, चूका निशाना, कोटा की युवती को लगी गोली, जयपुर के युवक को भीड़ ने दबोच कर पीटा

बस स्टैंड पर फायरिंग-: भीलवाड़ा की युवती को मारने के लिए चलाई गोली, चूका निशाना, कोटा की युवती को लगी गोली, जयपुर के युवक को भीड़ ने दबोच कर पीटा

मेवाड़ समाचार

भीलवाड़ा शहर के व्यस्ततम रोडवेज बस स्टैंड पर सोमवार दोपहर जयपुर के एक युवक ने अपनी परिचित युवती को मारने के लिए पिस्टल से फायरिंग कर दी। निशाना चूक जाने से यह गोली परिचित युवती के बजाय कोटा की युवती को जा लगी। गोली, युवती का पेट चीरती हुई कमर तक पहुंच गई।

इस घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। उधर, फायरिंग से गुस्साई भीड़ ने अफरा-तफरी के बीच आरोपित को पकड़ कर उसकी धुनाई कर दी, जिससे उसे सिर में चोट आई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आरोपित को डिटेन कर लिया, जबकि युवती को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मौके से पुलिस गोली का खाली खोल और एक जिंदा कारतूस मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पुलिस पकड़े गये युवक से पूछताछ कर रही है।

सुभाषनगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस स्टैंड पर स्थित पूछताछ विंडो के सामने एक युवक ने पिस्टल से फायरिंग की। यह गोली, गुमानपुरा कोटा निवासी रूमाना 24 को पेट में लगी, जो कमर तक पहुंच गई। गोली लगने से रुमाना गंभीर रूप से घायल हो गई। उधर, फायरिंग के बाद बस स्टैंड पर मौजूद पब्लिक ने अफरा-तफरी के बीच साहस दिखाते हुये गोली चलाने वाले युवक को पकड़ा और उसकी अच्छी खासी धुनाई कर दी।

आरोपित को भी गंभीर चोट आई है। इस बीच, सूचना पर सुभाषनगर थाने से पुलिस जाब्ता तुरंत मौके पर पहुंचा और पकड़े गये युवक को डिटेन कर लिया। वहीं घायल युवती रूमाना को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवा दिया। मौके से गोली का खाली खोल व एक जिंदा कारतूस मिला है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

सूचना पर एएसपी पारसमल जैन, डीएसपी सदर श्यामसुंदर विश्नौई भी पहले बस स्टैंड व बाद में जिला अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उधर, पकड़े गये युवक ने खुद को मूलतया दौसा हाल जयपुर निवासी लोकेश शर्मा बताया। आरोपित लोकेश ने प्रारंभिक पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपनी परिचित भीलवाड़ा जिले की रानी नामक युवती को मारने के लिए गोली चलाई थी, लेकिन निशाना चूक जाने से गोली रानी के बजाय दूसरी युवती को लग गई।

रीढ़ की हड्डी में फंसी गोली, रुमाना को किया रैफर

गोली लगने से घायल रूमाना का जिला अस्पताल के डॉक्टर्स ने प्राथमिक उपचार व जांच की तो पता चला कि उसे लगी गोली रीढ़ की हड्डी में फंसी है। ऐसे में रुमाना को यहां से हायर सेंटर के लिए भिजवा दिया। बताया गया है कि परिजन उसे जयपुर ले गये ।

दूरियां बढ़ाने से नाराज होकर की फायरिंग

लोकेश ने कबूल किया कि भीलवाड़ा जिले की रानी लालसोट में पढाई करती थी। 2017 से रानी की उससे जान-पहचान है। आरोपित ने कबूल किया कि रानी ने कुछ समय से उससे दूरियां बढ़ा ली। इसी को लेकर वह रानी से नाराज था और इसे लेकर फायरिंग की।

रात को ही  भीलवाड़ा आ गया था हमलावर

फायरिंग के आरोपित लोकेश ने प्रारंभिक पूछताछ में यह भी कबूल किया है कि वह रात को ही जयपुर से यहां आया था। सोमवार दोपहर उसने फायरिंग को अंजाम दिया।

हमलावर ने लगा रखी थी विग, पिटाई के दौरान उतर गई

बस स्टैंड पर फायरिंग करने वाले युवक ने विग लगा रखी थी। फायरिंग के बाद पब्लिक ने जब उसे पकड़ कर धुनाई की तो उसके सिर से विग उतर गई। माना जा रहा है कि आरोपित ने पहचान छिपाने के लिए यह विग पहनी थी। हालांकि जांच के बाद ही स्थित साफ हो पायेगी।

mewadsamachar
Author: mewadsamachar

News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

The specified slider is trashed.

Latest Stories