मेवाड़ समाचार
बाड़मेर :जिले के सेड़वा उपखंड अधिकारी बद्रीनारायण विश्नोई विवादों में घिरे नजर आ रहे हैं. शनिवार को सीएचसी सेड़वा निरीक्षण के दौरान एक महिला मरीज को चेकअप को लेकर ड्यूटी डॉक्टर को जमकर फटकार लगाई. इतना ही नहीं एसडीएम ने डॉक्टर को पुलिस के हवाले करने की चेतावनी तक दे डाली. एसडीएम और डॉक्टर के बीच तीखी तकरार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
इससे घटनाक्रम को लेकर चिकित्सकों में रोष व्याप्त है.घटनाक्रम पर डॉ. रामस्वरूप का कहना है कि सीएचसी सेड़वा में अकेले ड्यूटी पर थे. इस दौरान एन्जायटी रोगी एक महिला गंभीर हालत में पहुंची. इमरजेंसी में मरीज की जांच कर उसे भर्ती कर इलाज किया गया. उनका आरोप है कि इस दौरान एसडीएम वहां आए और आते ही उन्हें धमकाया और पुलिस के हवाले करने की बात कही, जबकि वो ओपीडी में मरीजों की जांच कर रहे थे. 250 से अधिक मरीज ओपीडी में थे,
ऐसे में उन मरीजों का भी चेकअप जरूरी था. वहीं, एसडीएम बद्रीनारायण विश्नोई का कहना है कि सीएचसी का औचक निरीक्षण किया गया. इस दौरान एक भर्ती महिला मरीज सीरियस थी, डॉक्टर से उसका प्राथमिकता से इलाज करने के लिए कहा था, कोई फटकार नहीं लगाई है.
करीब 2 मिनट का एक वीडियो वायरल:
यह वीडियो शनिवार का बताया जा रहा है. सेड़वा एसडीएम विश्नोई सीएचसी का निरीक्षण करने पहुंचे थे, जहां डॉ. रामस्वरूप ड्यूटी पर ओपीडी में मरीज का चेकअप कर रहे थे. एसडीएम विश्नोई डॉक्टर के पास पहुंचे और कहा कि बाहर बेड पर जो महिला है उसे चेक करो.
इसके जवाब में डॉक्टर ने बताया कि उन्होंने मरीज की जांच कर ली है. इतना सुनते ही एसडीएम के गुस्से का पारा चढ़ गया और डॉक्टर से कहा ‘इधर आओ, जब मैं कह रहा हूं, सुन नहीं रहे हो है क्या? अभी एक मिनट में पुलिस के हवाले कर दूंगा. उस महिला को जाकर चेक करो यह मेरा ऑडर है.’ इस तरह से दोनों के बीच बहस का करीब दो मिनट का वीडियो वायरल हो रहा है.
Author: mewadsamachar
News