मेवाड़ समाचार
भीलवाड़ा के हरी सेवा धाम के संत ने दो महिलाओं पर हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने का मामला गुरुवार 12 जून को दर्ज कराया है।संत का कहना है कि महिलाएं मकान खरीदकर देने का दबाव बना रही हैं।
उधर, दोनों महिलाएं भी गुरुवार को भीलवाड़ा एसपी धर्मेंद्र सिंह से मिली और शिकायत देकर कहा कि संत ने आश्रम ले जाकर उनसे अश्लील बातें और छेड़छाड़ की है। पुलिस दोनों मामलों में जांच कर रही है।
संत का आरोप: कॉल-वीडियो कॉल किए, रुपए देने से इनकार किया तो केस कराया
भीमगंज थाना इंचार्ज गजेंद्र सिंह ने बताया- थाना इलाके के एक धर्मस्थल पर आश्रम बनाकर रह रहे संत ने कल (गुरुवाच रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में संत ने बताया- 3 महीने पहले रात 8 बजे एक महिला (42) का कॉल आया था। उसने अपना असली नाम छुपाकर नकली नाम से परिचय दिया। बताया कि वह आश्रम में पहले खाना पकाया करती थी। उसने बातचीत कर जान-पहचान बढ़ाने की कोशिश की।
संत ने पुलिस से कहा कि महिला फोन करती और अनावश्यक बातें करती। परेशान होकर उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद वह दूसरे मोबाइल नंबर से आए दिन वीडियो कॉल कर चिकनी-चुपड़ी बातें करने लगी। वह पर्सनली मिलना चाहती थी, लेकिन मैंने मना कर दिया।
महिला ने कहा कि उसका बेटा बीमार है। रुपयों की जरूरत है। मैंने रुपए देने से इनकार कर दिया। 3 दिन पहले सिटी कोतवाली थाने के पुलिसकर्मी आश्रम आए और बताया कि महिला ने रिपोर्ट दी है। इस पर आश्रम के कुछ अनुयायी ट्रस्टी कोतवाली पहुंचे। वहां आरोपी महिला नहीं मिली। एक महिला मिली, जिसने खुद को सेशन कोर्ट भीलवाड़ा का एडवोकेट बताया।
एडवोकेट महिला ने ट्रस्टी को थाने से बाहर ले जाकर कहा कि संत से कहना कि हमें 15×30 फीट एरिया का मकान दिला दे। मामला रफा-दफा कर देंगे। वरना केस दर्ज कराएंगे।
महिला का आरोप- आश्रम में अश्लील हरकत की, जान से मारने की धमकी दी
उधर, गुरुवार 12 जून को भीलवाड़ा शहर निवासी एक महिला एसपी धर्मेंद्र सिंह से मिली और संत के खिलाफ शिकायत दी। शिकायत में महिला ने बताया- आश्रम में बेसहारा महिलाओं को राशन दिया जाता है। मैं राशन लेने के लिए आश्रम में गई थी। वहां संत से मुलाकात हुई। संत ने मुझसे फोन नंबर मांगे। इसके बाद संत का फोन आने लगा।
करीब डेढ़ माह पहले संत ने एक व्यक्ति को भेजकर मुझे सोनी हॉस्पीटल बुलाया। वहां से कार में बैठाकर संत मुझे आश्रम ले गया। वहां मेरे साथ अश्लील हरकतें की और धमकी दी कि किसी की को बताया तो जान से मार देंगे।
इस मामले में संत का कहना है कि महिला से अकेले में कभी नहीं मिला। मैं ब्लड प्रेशर और शुगर का रोगी हूं। घटना से काफी डिप्रेशन में हूं। कोई गलत कदम उठाता हूं तो दोनों महिलाएं जिम्मेदार होंगी
मामले में कोतवाली थाना इंचार्ज गजेंद्र सिंह का कहना है कि दोनों महिलाएं बुधवार 11 जून के थाने आईं थी। कार से आश्रम ले जाने और अश्लील हरकत किए जाने की बात कही थी। इसके बाद आश्रम जाकर जानकारी ली। बाद में मामला भीमगंज थाना इलाके का निकला, इसलिए केस भीमगंज थाना ट्रांसफर कर दिया। आरोप लगाने वाली महिला शहर में ही रहती है। वह विधवा है और उसके दो बच्चे हैं।

Author: mewadsamachar
News