मेवाड़ समाचार
जिले के कोटड़ी उपखंड क्षेत्र के बड़ला गांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। यहां एक पिता ने अपने ही 13 वर्षीय मासूम बेटे की बेरहमी से गला काटकर हत्या कर दी और इसके बाद स्वयं जहरीला पदार्थ (सेल्फोस) का सेवन कर आत्महत्या कर ली।
इस हृदयविदारक घटना से गांव में मातम पसर गया है और हर आंख नम हो गई। पुलिस के अनुसार राधेश्याम वैष्णव ने पहले अपने पुत्र वंश की घास काटने वाली दांतली से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।
गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना तब सामने आई जब शुक्रवार सुबह देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो अनहोनी कि आशंका हुई
दिवार फांद कर देखा तो कमरें में चारपाई पर मासुम का रक्त रंजित शव मिला।
सुचना पर मांडलगढ़ पुलिस उपाधीक्षक बाबू लाल विश्नोई बडलियास थाना पुलिस और एफ एस एल कि टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया । साक्ष्य जुटाए
शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राधेश्याम मानसिक तनाव और आर्थिक विवादों से परेशान था। घटना से कुछ दिन पहले उसने एक वीडियो बनाकर गांव के व्हाट्सएप ग्रुप में डाला था। इस वीडियो में उसने कुछ लोगों पर पैसे के लेनदेन को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे और अपने ससुराल पक्ष पर भी मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया था।
वीडियो में उसने यह भी कहा था कि वह अगले दो-तीन दिनों में बेटे के साथ आत्महत्या कर लेगा। उस समय ग्रामीणों ने इसे गुस्से और भावुकता में कही गई बात समझकर नजरअंदाज कर दिया, लेकिन यह चेतावनी सच साबित हो गई।
इस दर्दनाक घटना से बड़ला गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही घर से पिता और पुत्र की मौत से गांव का माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि आर्थिक तनाव और पारिवारिक कलह के चलते यह भयावह कदम उठाया गया। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आत्महत्या व हत्या के कारणों को स्पष्ट किया जाएगा।
Author: mewadsamachar
News