मेवाड़ समाचार
राजस्थान सहकारी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत आज विजय सिंह पथिक नगर स्थित डिप्टी रजिस्ट्रार सहकारी समितियां कार्यालय के बाहर कर्मचारियों ने सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन विभिन्न मांगों को लेकर किया गया, जिसका नेतृत्व समिति संयोजक सत्यनारायण तिवारी ने किया।
धरने के दौरान तिवारी ने मेवाड़ समाचार को बताया कि जीएसएस कर्मचारियों के कॉमन कैडर सहित कई मांगों को लेकर पूर्व में प्रदेश स्तर पर ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन सहकारिता विभाग ने इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया। इसी के चलते आज एक दिवसीय सांकेतिक धरना आयोजित किया गया है।
समिति ने चेतावनी दी कि यदि मांगे नहीं मानी गईं तो आगामी 29 सितंबर, सोमवार से सभी कर्मचारी अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पर जाएंगे। कार्य बहिष्कार के दौरान पैक्स कम्प्यूटरीकरण, फसली ऋण वितरण एवं वसूली, राजस्थान सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना, सहकार सदस्यता अभियान सहित विभाग की कई जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावित होंगी।
तिवारी ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में ग्राम सेवा सहकारी समितियों के कार्यरत कार्मिकों का जिला कैडर बनाकर नियोक्ता निर्धारण करना, सहकारी बैंकों में व
र्षों से रिक्त ऋण पर्यवेक्षकों के पदों पर समिति व्यवस्थापकों से ही शत-प्रतिशत नियुक्ति करना, और सभी कार्मिकों का नियमितीकरण करने हेतु प्रक्रिया दोबारा शुरू करना शामिल है।
इसके अतिरिक्त समिति ने जीएसएस कर्मचारियों के सेवा नियम 2022 में संशोधन, केंद्रीय सहकारी बैंकों में बैंकिंग सहायक के रिक्त पदों में व्यवस्थापकों के लिए आरक्षित 20 प्रतिशत कोटे में वांछित संशोधन, आयु सीमा, अनुभव और स्क्रीनिंग की बाध्यता समाप्त करने की मांग भी की है। धरने में बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे और सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा जताई गई।
Author: mewadsamachar
News